नवादा:
बिहार में जब से नई सरकार का बनी है। नए मंत्रिमंडल के सभी मंत्री अलग-अलग जिले का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में नीतीश कैबिनेट (Nitish Cabinet) के उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ (Sameer Kumar Mahaseth) नवादा जिले में एक बैठक में शामिल होने पहुंचे। समीर कुमार सर्किट हाउस (Circuit House) में अधिकारियों के साथ बैठक कर रही रहे थे कि इसी बीच राजद विधायक विभा देवी (Vibha Devi) मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद उन्होंने जमकर हो-हंगामा किया। हंगामें को देखकर मंत्री समीर कुमार को बीच में ही बैठक छोड़कर जाना पड़ा।

उद्योग मंत्री के स्वागत के लिए बैठी थी विभा देवी
मिली जानकारी के अनुसार उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ पहली बार नवादा पहुंचे थे। वहीं उनके स्वागत के लिए राजद विधायक विभा देवी बैठी थी। उद्योग मंत्री बिना उनसे मिले सीधे बैठक करने पहुंच गए थे। जैसे ही विभा देवी को इस बात की भनक लगी, वे गुस्से में लाल हो गईं और सीधे बैठक वाले हॉल में पहुंच गई। इसके बाद विभा देवी ने जमकर हो-हंगामा किया।

अधिकारियों ने राजद नेत्री को मनाने की कोशिश की
राजद नेत्री विभा देवी के अचानक हॉल में पहुंचते ही अधिकारियों के होश उड़ गए। विभा देवी, समीर कुमार महासेठ और जिले के अधिकारियों पर बरस पड़ीं। इस दौरान जिले के अधिकारियों ने उन्हें मनाने की कोशिश की लेकिन विभा देवी ने किसी की एक न सुनी और सबके सामने ही उद्योग मंत्री पर भी बरस पड़ीं। असमंजस कि स्थिति उत्पन्न होते देख मंत्री समीर कुमार ने लाचार होकर बीच में बैठक को छोड़ दिया और कमरे से चुपचाप बाहर निकल आए।